सोनीपत। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-14 में सरेआम महिला का पर्स छीनकर भागे तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान गांव राजलुगढ़ी निवासी समुंद्र उर्फ छोटू, भदाना निवासी विजय उर्फ गंजा और रूप नगर निवासी नवीन उर्फ टोनी है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। शहर के सेक्टर-14 की रहने वाली सरिता ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया था कि वह शनिवार दोपहर को बाजार में सामान की खरीददारी करने गई थी। बाजार से सामान लेकर लौटते समय सेक्टर-14 में बाइक सवार तीन युवकों ने उसके हाथ से पर्स छीन लिया था। पर्स छीनकर तीनों युवक फरार हो गए थे। सरिता ने पुलिस को बताया था कि उसके पर्स में 8500 रुपये, उसका एटीएम कार्ड, आधार कार्ड व मेडिकल कार्ड भी था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में कार्रवाई करते हुए एसआई रमेश की टीम ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले तो आरोपियों का सुराग लग गया। जिस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।