सोनीपत। कृषि विभाग ने किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज, खाद व दवाई मुहैया करवाने के लिए अभियान के तहत शहर में कई दुकानों पर छापा डाला। विभाग ने कार्रवाई के तहत विभिन्न बीज, खाद व दवाओं के 16 नमूने एकत्रित किए। इन नमूनों को कागजी कार्रवाई पूरी कर जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। इसके बाद रिपोर्ट के आधार पर दुकानदारों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।रबी सीजन की प्रमुख फसलों गेहूं व सरसों में जहां किसान खाद का छिड़काव करने की तैयारी में हैं। वहीं बारिश के बाद मौसम में आई नमी के कारण फसलों को बीमारियों से बचाने के लिए विभिन्न दवाओं का छिड़काव भी किया जाता है। जनवरी में खाद व दवाओं की मांग बढ़ गई है। किसानों को खराब गुणवत्ता की दवाएं व खाद मुहैया न करवाई जाए, इसके लिए विभाग ने दुकानों पर छापा डाल अभियान के तहत नमूने लेना शुरू कर दिया है। कार्रवाई के दौरान टीम का नेतृत्व कृषि उप निदेशक डॉ. पवन शर्मा व क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर राकेश हुड्डा ने किया। उन्होंने बताया कि जिला में करीब 400 खाद, दवाई व बीज के लाइसेंस दिए हैं। मंगलवार को सोनीपत शहर व गांव मोहाना से खाद व दवाओं के 16 नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वह पक्के बिल पर ही खाद, बीज व दवाएं खरीदें।