फोटो 46- सोनीपत के खरखौदा में भाजपा प्रत्याशी पवन खरखौदा जीत के बाद विजय जुलूस के दौरान समर्थको
सोनीपत। विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद मंगलवार शाम को विजेता रहे प्रत्याशियों में किसी ने रोड शो तो किसी ने विजय जुलूस निकाल जीत का जश्न मनाया। इस दौरान विजेताओं का जगह-जगह फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया। ढोल की थाप पर समर्थकों ने जमकर जीत का जश्न मनाया और आतिशबाजी करते हुए दिवाली मनाई।
मोहाना स्थित बीट्स कॉलेज में मतगणना पूरी होने से पहले ही जीत सुनिश्चित होने का पता लगने पर समर्थकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कॉलेज से 200 मीटर पहले सड़क पर बैरिकेड्स लगाकर आगे जाने पर पाबंदी लगाई गई थी। ऐसे में समर्थकों ने जीत की औपचारिक घोषणा से पहले ही सड़क पर आतिशबाजी शुरू कर दी थी। सोनीपत विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी निखिल मदान की जीत का पता लगते ही उनकी माता व पत्नी परिजनों के साथ पहुंची। माता ने निखिल मदान को गले लगाकर आशीर्वाद दिया। वहीं गन्नौर विधानसभा सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र कादियान की जीत के बाद उन्हें ट्रैक्टर पर बैठाकर रोड शो निकाला गया।
पवन खरखौदा ने निकाला विजय जुलूस
खरखौदा। विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी पवन खरखौदा ने 5635 वोटों से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर हलके में विजय जुलूस निकाला। जिसमें समर्थक व कार्यकर्ता पूरे जोश और उत्साह के साथ शामिल हुए। समर्थकों ने पुष्प वर्षा की और ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया। पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल बना रहा। विजय जुलूस गांव फरमाणा से शुरू हुआ, लोगों ने जगह-जगह स्वागत किया। यह जीत भाजपा के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पवन खरखौदा ने कांग्रेस के तीन बार के विधायक जयवीर सिंह को पराजित किया है। यह पहला मौका है जब भाजपा ने खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में जीत हासिल की है और अपना झंडा गाड़ा है। उन्होंने इसे जनता की जीत बताया।