गांव प्रीतमपुरा के खेत में युवक का शव मिला है। युवक की तेजधार हथियार से हत्या की गई है। उसके सिर व हाथों पर तेजधार हथियार से वार के निशान हैं। राहगीरों ने शव पड़ा देख पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन पहचान नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल में भिजवा दिया है। पुलिस ने जठेड़ी के ग्रामीण के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सोमवार को ग्रामीण जब गांव प्रीतमपुरा के खेतों के पास से गुजरे तो उन्हें कंबल में एक युवक का शव लिपटा पड़ा दिखाई दिया। जिस पर लोगों ने मामले से राई थाना पुलिस को सूचित किया। राई थाना पुलिस ने मौके पर जाकर जांच की तो घटनास्थल कुंडली थाना क्षेत्र का मिला। जिस पर कुंडली पुलिस को अवगत कराया गया। सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच की तो युवक के सिर व हाथों पर तेजधार हथियार के निशान मिले। पुलिस ने मृतक की पहचान का प्रयास किया, लेकिन नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार युवक की उम्र करीब 35 वर्ष है। उसने रिप्ले कंपनी की नीली जींस, नाइक के स्लेटी रंग के जूते, एडिडास की जुराब, मुफ्ती कंपनी का हरे रंग की टी-शर्ट पहन रखा है। साथ ही उसके हाथ पर आरके और एजे गुदा हुआ है। युवक की कलाई पर कलावा भी बंधा हुआ है। पुलिस ने गांव जठेड़ी के रोहित के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अन्य स्थान पर हत्या के बाद शव यहां फेंकने का अंदेशा
पुलिस को युवक का शव कंबल में लिपटा हुआ मिला है। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से यहां फेंका गया है। शव खेत के अंदर पड़ा मिला है। पुलिस आसपास वाहन के टायरों के निशान होने का पता लगा रही है।
युवक ने बचने को किया संघर्ष
युवक के सिर व हाथों पर तेजधार हथियार के निशान मिले हैं। जिससे लगता है कि युवक ने हमलावरों के वार से बचने के लिए हाथ आगे किए होंगे, जिससे उस पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि बाद में उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
गांव प्रीतमपुर के पास खेत में युवक का शव मिला है। उसके सिर व हाथों पर तेजधार हथियार से हमला करने के निशान है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक की पहचान कर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पहचान के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है।
रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।