खरखौदा। गांव पहलादपुर किडौली में दो मासूम बहनों को यातना दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप ताऊ और ताई पर लगा है। आरोप है कि बच्चियों के पिता की मौत हो गई थी। मां दूसरी शादी कर चली गई। बच्चियों का लालन-पालन करने वाली दादी ने दम तोड़ा तो दोनों मासूमों की जिम्मेदारी ताऊ-ताई पर आ गई थी। पुलिस ने दोनों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव पहलादपुर किडौली निवासी जयभगवान ने पुलिस को बताया कि छह और पांच साल की दो बहनों को उनके ताऊ हितेश और ताई प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि आरोपी बच्चियों के घर पर ना केवल कब्जा कर लिया है बल्कि उन के घर के अंदर रखे सामान को भी बेचना शुरू कर दिया है। दोनों मासूमों का मेडिकल करवाए जाने पर एक को दो चोट व दूसरी को तीन चोट लगी मिली हैं। शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड, मारपीट व धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दोनों बच्चियों के पिता राहुल की करीब दो वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जिसके बाद पत्नी ने दूसरी शादी कर ली। ऐसे में राहुल की दोनों बेटियों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनकी बुजुर्ग दादी पर आ गई। लेकिन 12 अप्रैल को दादी कांता भी हृदय गति रुकने से देहांत हो गया। जिसके बाद दोनों के पालन पोषण की जिम्मेदारी ताऊ और ताई पर आ गई। वह दोनों बच्चियों को प्रताड़ित कर रहे हैं। आरोप है कि दोनों बच्चियों को पीटने के साथ घर के अंदर बंद करके भी रखा जाता है।
संपत्ति हड़पने की कोशिश का आरोप
जयभगवान का आरोप है कि दंपती बच्चियों के नाम संपत्ति को हड़पना चाहते हैं। जिसके चलते उन्होंने बच्चियों के मकान पर भी कब्जा करने के साथ ही वहां पर पशुओं को बांधना शुरू कर दिया है। इतना ही नहीं घर के अंदर रखे सामान को भी वह बेच रहे हैं। वहीं वह इन्हें मारकर सारी संपत्ति को हड़पना चाहते हैं।
वर्जन
शिकायत मिलने के बाद आरोपी दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों बच्चियों को फिलहाल उनके पिता की बुआ अपने साथ लेकर गई है। मामले में जांच की जा रही है।
-वेदपाल, जांच अधिकारी, थाना खरखौदा