-सोनीपत में अब चार ड्रोन टीमें करेंगी खेतों की निगरानी, सैटेलाइट से मिल चुकीं आगजनी की 14 लोकेशन
-सत्यापन के बाद पांच किसानों पर कार्रवाई, अब निगरानी का दायरा बढ़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। धान की कटाई के बाद खेतों में गेहूं की बिजाई की तैयारी के बीच पराली जलाने की आशंका बढ़ गई है। इसे रोकने के लिए कृषि विभाग ने निगरानी का दायरा बढ़ा दिया है। अब खेतों पर आसमान से भी नजर रखी जाएगी। विभाग ने दो नए ड्रोन मंगवाए हैं। शनिवार को इनके पहुंचने के बाद जिले में ड्रोन से निगरानी करने वाली टीमों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इन टीमों को संवेदनशील गांवों में लगातार गश्त करने और आगजनी की घटनाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर, सैटेलाइट से अब तक आगजनी की 14 लोकेशन मिल चुकी हैं। इनमें से पांच मामलों में भौतिक सत्यापन के बाद संबंधित किसानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
धान की कटाई अंतिम दौर में, गेहूं की बिजाई की जल्दबाजी
नवंबर का अंतिम सप्ताह कृषि विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। धान की कटाई अंतिम चरण में है और किसान जल्द खेत खाली करके गेहूं की बिजाई करना चाहते हैं। ऐसे में फसल अवशेषों को जल्दी हटाने के लिए कुछ किसानों द्वारा उन्हें आग लगाने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए विभाग ने जागरूकता अभियान के साथ निगरानी भी तेज कर दी है। संवेदनशील गांवों में ड्रोन के जरिये खेतों पर नजर रखी जाएगी।
10 गांवों पर विशेष निगरानी, चार टीमें संभालेंगी मोर्चा
10 गांव येलो जोन में शामिल हैं। इन गांवों में पराली जलाने की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए सैटेलाइट, ड्रोन और जमीनी स्तर पर गठित टीमों की मदद ली जा रही है। इन्हें संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। फसल अवशेष जलाने वाले किसानों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई का प्रावधान है। किसानों पर पांच हजार से 30 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
पिछले साल 68 लोकेशन आई थीं सामने, 11 जगह मिली थी आगजनी
पिछले खरीफ सीजन में सैटेलाइट के माध्यम से सोनीपत जिले में आगजनी की 68 लोकेशन चिह्नित हुई थीं। हालांकि, मौके पर जांच के दौरान इनमें से 11 स्थानों पर ही आग लगाने की पुष्टि हुई थी। इस बार विभाग किसानों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
फसल अवशेषों में आग लगाने की घटनाएं रोकने के लिए विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। येलो जोन में शामिल गांवों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहले दो ड्रोन से निगरानी की जा रही थी, लेकिन नवंबर के अंतिम दिनों में आगजनी की आशंका को देखते हुए दो अतिरिक्त ड्रोन मंगवाए गए हैं। किसानों से अपील है कि पराली जलाने के बजाय आधुनिक कृषि यंत्रों की मदद से फसल अवशेषों का प्रबंधन करें।
डॉ. बलवंत, कृषि उपनिदेशक सोनीपत