फोटो 29: सोनीपत में उपायुक्त कार्यालय परिसर में धरना देते अधिवक्ता। संवाद
सोनीपत। राजीव गांधी एजुकेशन सिटी राई में हुए सड़क हादसे में अधिवक्ता के पिता के घायल होने के मामले में अधिवक्ताओं ने वर्क सस्पेंड खत्म कर दिया है। हालांकि धरना जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
गांव सेवली निवासी अधिवक्ता रोहताश ने 11 अक्तूबर, 2024 थाना राई में शिकायत दी थी कि 8 अक्तूबर, 2024 को उनके पिता महाबीर राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में हादसे का शिकार हो गए थे। साइकिल सवार उनके पिता को बाइक ने टक्कर मारी थी। उन्होंने बाइक का नंबर पुलिस को बताकर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि पुलिस ने दूसरे नंबर की बाइक के सवार को आरोपी बताया। इस मामले में बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने काम बंद कर दिया था। बुधवार को बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिला था। इसमें उन्हें दूसरे जिला की पुलिस से जांच कराने का आश्वासन मिला है। प्रधान अनिल ढुल ने बताया कि वीरवार को अधिवक्ताओं ने बैठक कर वर्क सस्पेंड को वापस लेने का निर्णय लिया है। हालांकि उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना जारी रहेगा।