फोटो 20- सोनीपत के लघु सचिवालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेते शहरी विकास के स
सोनीपत। शहरी विकास के सलाहकार डीएस ढेसी ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार यमुना में किसी भी ड्रेन से बगैर शोधित पानी न जाने पाए। मगर नगर निगम खुद दूषित पानी को शोधित किए बिना ही ड्रेन में पानी छोड़ रहा है।
इस दौरान ढेसी ने नए बस अड्डे का निर्माण शुरू करने में आ रही बाधाओं को जल्द दूर कर कार्य शुरू करवाने, बहालगढ़ रोड, बढ़मलिक-जठेड़ी रोड पर होने वाले जलभराव की स्थिति को ठीक करवाने, सभी विभाग व सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए।
डीएस ढेसी बुधवार को लघु सचिवालय में दूसरी जिला समन्वय बैठक ले रहे थे। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियाें को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रोडवेज के मुख्य प्रबंधक से नए बस अड्डा निर्माण के वर्तमान कार्य की स्थिति पर जानकारी ली।
इसके अलावा संबंधित अधिकारी को एसएमडीए कार्यालय का कार्य जल्द पूरा करवाने की बात कही। अधिकारी ने बताया कि शेष बचे कार्य का नया टेंडर जुलाई में ही जारी किया जाएगा। इसी वित्तीय वर्ष में कार्य को पूरा किया जाएगा।
डीएस ढेसी ने बहालगढ़ रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या पर नगर निगम अधिकारियों से जानकारी ली। निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने बताया कि नगर निगम ने ड्रेन को साफ करवा दिया है। बढ़मलिक-जठेड़ी रोड पर जलभराव की समस्या को लेकर एचएसआईआईडीसी अधिकारी ने बताया कि विभाग का सीईटीपी 10 एमएलडी तक कार्य कर सकता है, जोकि वर्तमान में 9.5 एमएलडी पर कार्य कर रहा है।
डीएस ढेसी ने उपायुक्त को इस समस्या का जल्द समाधान करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कुंडली मेट्रो मामले में डीएफओ व डीटीपी से जानकारी ली।