जींद। जिला प्रशासन ने आगामी दिनों में ठंड और शीतलहर की आशंका को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने आमजन के स्वास्थ्य, फसलों और पशुधन को ठंड के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी की है। साथ ही संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डीसी ने नागरिकों से मौसम की जानकारी के लिए रेडियो, टीवी और समाचार पत्रों के संपर्क में रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों की कई परतें पहनें और सिर, गर्दन, हाथ व पैरों को अच्छी तरह ढककर रखें। शरीर में गर्मी बनाए रखने के लिए गर्म तरल पदार्थों का सेवन करें तथा विटामिन-सी युक्त फल और सब्जियां खाएं।
डीसी डॉ. वैशाली शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को नागरिक अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवाइयों, हीटर और एंबुलेंस की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद, नगर पालिकाओं और पंचायत विभाग को बेसहारा व जरूरतमंद लोगों के लिए रैन बसेरों, पंचायत भवनों और सामुदायिक केंद्रों में ठहरने, अलाव और कंबल की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।