सोनीपत। पानीपत के समालखा स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 23 से 26 अक्तूबर तक 79वां वार्षिक संत समागम होगा। इस दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसके तहत उपायुक्त नेहा सिंह ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में संत निरंकारी मिशन के पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों को यातायात प्रबंधन योजना बनाने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य जीटी रोड और अन्य प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति को रोकना है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भिगान टोल प्लाजा पर समागम के वाहनों के लिए दो लेन आरक्षित रखने के लिए कहा गया है।
इससे टोल पर लंबी कतारें लगने और यातायात बाधित होने की आशंका कम होगी। डीसी ने जीटी रोड पर बारिश के पानी की निकासी के पुख्ता इंतजाम करने के भी निर्देश दिए। यह सुनिश्चित करेगा कि जलभराव से वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
इस दौरान एसडीएम प्रवेश कादियान, एसीपी नरेश अहलावत, संत निरंकारी मिशन के सचिव जोगिंद्र सुखीजा, कर्नल एचएस गुलेरिया, अजय सैनी सहित अधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं के विशेष इंतजाम :
स्वास्थ्य विभाग को गन्नौर स्थित उपमंडल नागरिक अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। समागम के दौरान श्रद्धालुओं को यथाशीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही समागम स्थल पर एंबुलेंस तैनात रखने के लिए भी कहा गया है। आपात स्थिति में मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।