सोनीपत। अखिल भारतीय टेनिस प्रतियोगिता में लिटल एंजल्स स्कूल के खिलाड़ी आदित्य ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। यह प्रतियोगिता 10 से 15 फरवरी तक गोहाना में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में आदित्य ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
गोहाना में आयोजित अखिल भारतीय टेनिस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों की टीमों ने भाग लेकर जीत के लिए जोर लगाया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में अंडर-14 आयुवर्ग में सोनीपत के लिटल एंजल्स स्कूल के खिलाड़ी आदित्य ने हरियाणा टीम के खिलाड़ी कार्तिक ढाका को 6-4, 6-2 के अंतर से सीधे सेटों में हराकर स्वर्ण पदक जीता। अभिभावक ने आदित्य की इस जीत का श्रेय विद्यालय प्रबंधन को दिया है।
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि आदित्य इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। विद्यालय के चेयरमैन तरसेम कुमार गर्ग, सचिव डॉ. विशाल गर्ग व विद्यालय की प्रधानाचार्य आशा गोयल ने आदित्य को इस जीत पर बधाई दी और भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।