सोनीपत। हरियाणा पुलिस की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचाने के लिए रोडवेज अधिकारियों ने रविवार को अतिरिक्त बसें चलाईं। कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए पंचकूला, कुरुक्षेत्र व करनाल में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षार्थियों को राहत देते हुए रोडवेज ने तीनों रूटों पर तीन अतिरिक्त बसें रवाना की। इससे परीक्षार्थी समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें। हालांकि किराये में किसी प्रकार की कोई छूट नहीं दी गई।
परीक्षा के लिए सोनीपत से भी बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया था। प्रात:कालीन सत्र में होने वाली परीक्षा को लेकर काफी युवा एक दिन पहले ही रवाना हो गए थे। रविवार सुबह भी बड़ी संख्या में युवा बस अड्डे पहुंचे। रोडवेज अधिकारियों ने परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाने के लिए पहले पंचकूला के लिए अतिरिक्त बस रवाना की। इसके बाद कुरुक्षेत्र व करनाल के लिए भी एक-एक अतिरिक्त बस भेजी गई। इसके लिए अधिकारियों ने पहले ही चालक-परिचालकों को हिदायतें दे दी थी, जिससे परीक्षार्थियों को बेहतर परिवहन सेवा देते हुए समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाया जा सके।
चुनावी ड्यूटी में भेजी छह बसें
सोनीपत बस अड्डे से छह बसें चुनावी ड्यूटी में फोर्स लाने के लिए भेजी गई हैं। चार बसों को पंजाब के जालंधर व दो बसों को पानीपत भेजा गया है। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि यह बसें अब नियमित तौर पर सोनीपत पुलिस लाइन में प्रशासनिक ड्यूटी में ही तैनात रह सकती हैं। छह बसों को प्रशासनिक ड्यूटी पर भेजे जाने से लोकल रूटों पर इसका असर दिखाई दे सकता है।
डिपो में है 134 बसें
सोनीपत रोडवेज डिपो में वर्तमान समय में 134 बसें हैं। इनमें करीब 42 बसें किलोमीटर योजना की शामिल हैं। सोनीपत से पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल, राजस्थान सहित कई प्रदेशों में सीधी बस सेवा है। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न जिलों तक भी बस सेवाएं है। जून माह में सोनीपत बस डिपो में पांच नई ई-बसें भी शामिल होनी थी, लेकिन अब तक वह बसें डिपो में नही पहुंची हैं।
-हरियाणा पुलिस की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर रविवार को पंचकूला, कुरुक्षेत्र व करनाल रूट पर तीन अतिरिक्त बसें रवाना की गई हैं। इसके अलावा छह बसें प्रशासनिक ड्यूटी के लिए पुलिस लाइन में भेजी गई हैं। इससे कोई भी रूट प्रभावित नहीं हुआ। सभी रूटों पर बेहतर परिवहन सेवा देने का प्रयास किया गया है।
-सुरेंद्र दुग्गल, एसएस, रोडवेज डिपो, सोनीपत