फोटो 35: सोनीपत के गोहाना स्थित सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में अधिकारियाें की बैठक लेते सहकारि
गोहाना। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारत सुरक्षित हाथों में है। चिंता करने की कोई बात नहीं है। पहलगाम आतंकी हमले का सेना ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है, जिसके चलते दुश्मन देश बौखलाया हुआ है।
उन्होंने कहा कि तनाव भरे माहौल के बीच प्रशासन ने इलाके में मॉक ड्रिल करके अपनी व्यवस्थाओं की जांच-पड़ताल की है। वह शुक्रवार शाम को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में बैठक कर रहे थे। उन्होंने सिविल डिफेंस वालंटियर में पूर्व सैनिकों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों, एनसीसी, एनएसएस के स्वयंसेवकों को जोड़ने पर बल दिया।
उन्होंने एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय को विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों की बैठक लेने के भी निर्देश दिए, जिससे बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। कैबिनेट मंत्री ने अस्पतालों में की गई बिस्तर, ऑक्सीजन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने गांवों में सरपंच, पूर्व सरपंच के साथ मौजिज लोगों के साथ भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने ब्लैक आउट की संभावित स्थिति को लेकर बिजली निगम की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी आगामी आदेशों तक अपना स्टेशन न छोड़ें।
इस दौरान पुलिस उपायुक्त भारती डबास, एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रशांत कौशिक, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता पुनीत साहनी, प्रवीण खुराना, कुलदीप कौशिक, विकास जैन भी उपस्थित रहे।