शिव मुक्ति धाम में पिता को मुखाग्रि देती दोनों बहन
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। शहर के रहने वाले शिक्षाविद् आरएस मलिक के देहांत के बाद बेटियों ने आगे आकर बेटों का फर्ज निभाया। अभिनेत्री मेघना मलिक व उनकी बहन मिमांशा ने पहले पिता की अर्थी को कंधा दिया तो उसके बाद अंतिम संस्कार भी दोनों बहनों ने किया। जहां अभिनेत्री मेघना मलिक ने साफ कहा कि उनके पिता ने उनको हमेशा अपने बेटे की तरह ही माना है और उनको घर से बाहर निकालकर एक मुकाम पर पहुंचाया है। इसलिए अब उन्होंने अपना फर्ज निभाया है और अपने पिता की अर्थी को खुद कंधा दिया तो उनका अंतिम संस्कार किया।
मॉडल टाउन में सुजान सिंह पार्क के पास रहने वाले शिक्षाविद् आरएस मलिक काफी समय तक सीआरए कालेज में अंग्रेजी विभाग के अध्यक्ष रहे। वह सेवानिवृत्त होने के बाद भी छात्रों को पढ़ाते रहे। उनकी दो बेटियां टीवी व फिल्म अभिनेत्री मेघना मलिक व न्यूज चैनल में एंकर मीमांसा मलिक हैं। आरएस मलिक अपनी पत्नी कमलेश मलिक के साथ मॉडल टाउन में रहते थे जो पिछले एक साल से बीमार थे। उनका सोमवार को निधन हो गया और उनका अंतिम संस्कार सेक्टर 15 के शिव मुक्ति धाम में मंगलवार को हुआ। आरएस मलिक ने हमेशा अपनी दोनों बेटियों को बेटा मानकर आगे बढ़ाया और उनको हमेशा घर से बाहर निकलकर कुछ करने के लिए प्रेरित किया। जिससे दोनों बेटियां आगे बढ़ीं और अब दोनों बेटियों मेघना मलिक व मीमांसा मलिक ने अपने पिता की अर्थी को कंधा दिया। दोनों बहन घर से पिता की अर्थी को कंधा देते हुए चलीं तो मुक्ति धाम में पहुंचकर दोनों ने पिता को मुखाग्नि देते हुए अंतिम संस्कार किया। वहीं आरएस मलिक के निधन पर परिवार को सांत्वना देने के लिए पूर्व मंत्री कविता जैन, एचपीएससी के सदस्य कुलबीर छिक्कारा, विधायक के बेटे ललित पंवार, इनेलो नेता ब्रिगेडियर ओपी चौधरी, जीवीएम कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ज्योति जुनेजा, लिटल एंजल्स स्कूल के चेयरमैन आशीष आर्य, टीकाराम बीएड कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र राणा, सामाजिक संगठनों से सतपाल अहलावत, ऊषा भंडारी, सुषमा दहिया आदि पहुंचे।
पिता आरएस मलिक को कंधा देती अभिनेत्री मेघना मलिक व उनकी बहन मीमांसा मलिक- फोटो : Sonipat