लोगों की समस्या सुनते विधायक डॉ. कृष्ण कुमार। स्रोत : प्रवक्ता
बावल। लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित समीक्षा बैठक में विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने अधिकारियों को विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सड़क, सीवरेज और पानी से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं। विधायक ने अधिकारियों को शिकायतों के निपटारे की समय सीमा तय करने और तय अवधि में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोबारा शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
विधायक ने कहा कि एक माह तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान में आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और उनके साथ शालीनता से व्यवहार किया जाए।
उन्होंने किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कहा कि खाद को लेकर किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए और सरकार उनके साथ खड़ी है।
बैठक में एसडीएम संजय कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रो. ममता गुप्ता, राजेश बंसल, मंडल अध्यक्ष रमेश लोर, महामंत्री निहाल सिंह, राजपाल सिंह, महेश सरपंच किशनपुर और आसपास के गांवों के सरपंच भी उपस्थित रहे।