गोहाना। सोनीपत रोड स्थित उपमंडलीय परिसर में लगे समाधान शिविर में कुल तीन मुख्य शिकायतें रखीं गईं। इसमें गंगाराम निवासी उत्तम नगर काठ मंडी ने दो दुकानों की एक प्रॉपर्टी आईडी को अलग करने की मांग रखी। वहीं किरन निवासी रिंढ़ाना ने लाल डोरा के अंदर गली पर अवैध कब्जे की शिकायत दी।
साथ ही शिविर में सेवानिवृत्त सुबेदार जगबीर सिंह निवासी मदीना ने खेतों में सफेदा के पेड़ कटने पर मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा विकलांग पेंशन की दोबारा जांच और लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ दिलाने से जुड़ी शिकायतें भी आईं।इनकी सुनवाई करते हुए एसडीएम अंकित कुमार ने अधिकारियों को इनका समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में कहा कि उपमंडल स्तर के सभी अधिकारी खुद शिविर में मौजूद रहकर लोगों की शिकायतों का समाधान करें। पहले से लंबित मामलों को भी आपसी तालमेल के साथ तय समय में निपटाया जाए और किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान तहसीलदार शिखा, बीईओ राजेंद्र सिंह, बीईओ लवल किशोर, नगर परिषद सचिव सुंदर शर्मा, एएफएसओ राजेश हुड्डा, एसडीओ अशोक कुमार, एसडीओ यूएचबीवीएन रोहित यादव, मार्केट कमेटी सचिव सुरेश कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।