सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुआ कैंटर।
- फोटो : Sonipat
गन्नौर। जीटी रोड स्थित मां काली मंदिर के पास एक कैंटर व ट्रक की टक्कर हो गई। जिसमें कैंटर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल में भिजवा दिया। इसके बाद अज्ञात वाहन कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गांव मलिकपुर की रहने वाले दीपक शर्मा ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह 6 बजे अपने शिवगंगा ढाबे पर आ रहा था। जब वह जीटी रोड पर मां काली मंदिर के पास पहुंचा तो दिल्ली से पानीपत की तरफ तेज रफ्तार से आ रहे एक कैंटर ने अपने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक अपने आगे चल रही एक गाड़ी से जा टकराया। टक्कर लगने से कैंटर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे कैंटर में बैठा एक व्यक्ति उसमें फंस गया, जबकि कैंटर चालक व एक अन्य व्यक्ति हादसे के बाद वहां से फरार हो गए। इसके बाद उसने राहगीरों की मदद से केबिन में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक व्यक्ति की पहचान करनाल के घरौंडा निवासी रणधीर सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी दीपक शर्मा की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।