आरोपी मोहनलाल व उससे बरामद हुए मोबाइल, साथ में डीएसपी आत्माराम व गन्नौर थाना प्रभारी कर्मजीत। सं
- फोटो : Sonipat
गन्नौर थाना पुलिस ने रेलवे रोड स्थित दुकान का शटर तोड़ मोबाइल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहनलाल गांव अगवानपुर का रहने वाला है। पुलिस ने मोहनलाल के पास से चोरी किए गए 98 मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
उप पुलिस अधीक्षक आत्माराम ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि नगरपालिका रोड पर एएस कम्युनिकेशन में बुधवार रात करीब 1.30 बजे चोरी हुई थी। चोर दुकान का शटर उखाड़ कर उसमें रखे मोबाइल व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। थाना गन्नौर पुलिस ने दुकानदार अजय की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहनलाल को मोबाइल समेत गिरफ्तार किया है। उसके पास से 98 मोबाइल भी बरामद हुए हैं। मोहनलाल ने बताया कि इस वारदात में उसके गांव के ही सन्नी उर्फ सुनील व नीरज उर्फ राहुल भी शामिल थे। चोरी करने के बाद कुछ मोबाइल लेकर वह उससे अलग हो गए थे। उप पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने आरोपी मोहनलाल को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। जल्द ही उसके दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नौकरी गई तो चोरी को बनाया गिरोह
मोहनलाल ने बताया कि वह पहले ट्रक पर नौकरी करता था। किसी कारणवश उसकी नौकरी चली गई। इसके बाद वह नशे की लत में पड़ गया। उसके खिलाफ मारपीट के पांच मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें से तीन मुकदमे थाना गन्नौर और दो मामले जीआरपी गन्नौर में हैं। बाद में उसने गांव के ही सन्नी उर्फ सुनील व नीरज उर्फ राहुल के साथ मिलकर गिरोह बनाया और पहली बार एएस कम्युनिकेशन दुकान को अपना निशाना बनाया, लेकिन सीसीटीवी में कैद होने से वह आसानी से पकड़ा गया।
पुलिस की गश्त टीम से बच कर निकले
मोहनलाल ने बताया कि चोरी को अंजाम देने के बाद वह पुलिस से बचते-बचाते हुए गांव तक पहुंचे। उसने बताया कि जब पुलिस की टीम उनकी तरफ आती दिखती तो वह पास में झाड़ियों में छिप कर बैठ जाते और टीम के जाने के बाद वहां से निकल कर जाते रहे। ऐसा उनके साथ करीब तीन से बार हुआ।