रोहतक। बखेता ड्रेन में ज्वलनशील पदार्थ डालने के आरोपी को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। जिसे कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने फैक्टरी मालिक को थाने में बुलाने के लिए नोटिस भिजवा दिया है। जल्द ही अन्य लोगों के शामिल होने की बात का भी खुलासा हो सकता है। आरोपी से ट्रैक्टर ओर सेफ्टी टैंकर को काबू कर लिया गया है।
कंसाला चौकी प्रभारी सोमवीर दहिया ने कहा कि आसपास के सभी सेफ्टी टैंकर संचालकों को नोटिस देकर बुलाया गया था। जिनमें से सैंपल भरकर जांच के लिए भेजे गए थे। जांच के दौरान जसराणा गांव के रहने वाले कुलदीप को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वह सोनीपत जिले के बागडू गांव में बनी प्लाईवुड फैक्टरी से निकलने वाला केमिकल सेफ्टी टैंकर में भरकर लाया था और जसराणा व फरमाणा के बीच बने पुल से ड्रेन नंबर 8बी में इसे डाल दिया था।
यह था मामला
बखेता गांव से निकलने वाली ड्रेन 8बी में अज्ञात व्यक्ति ने फरमाना व जसराना की तरफ से टैंकर से ज्वलनशील केमिकल उसमें डाल दिया। ड्रेन में रोजाना गांव से पशु नहाने व पानी पीने के लिए आते हैं। केमिकल की वजह से गांव के 600 पशुओं की चमड़ी बुरी तरह से गल कर शरीर से उतरने लगी है। अभी तक कटड़ों व पशुओं समेत 15 की मौत हो चुकी है। पशुओं को नहलाने के लिए गए कुछ ग्रामीण भी इसकी चपेट में आ गए हैं। इससे उनकी त्वचा भी लाल पड़ने लगी है। इस मामले में लुवास की टीम उपचार के लिए लगी हुई है। ताकि जल्द से जल्द वह इस समस्या से उभर सके।