सोनीपत। गांव छतेहरा-कंवाली वाया गढ़ी बाला रोड पर लोक निर्माण विभाग पर टेंडर लगाने व राशि का भुगतान होने के बावजूद रिटेनिंग वॉल नहीं बनाने का आरोप है। आरोप है कि ढाई वर्ष बाद मामले का खुलासा हुआ तो दीवार को आनन-फानन में तैयार किया गया। आरोप है कि अधिकारी व ठेकेदार ने मिलकर मामले में लाखों रुपये का झोलमोल किया है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में टेंडर अलॉट कर सड़क के साथ 400 मीटर रिटेनिंग वॉल बनाई जानी थी। जून 2023 तक कार्य पूरा किया जाना था, लेकिन दीवार का कार्य कागजों में ही पूरा किया गया। ठेकेदार को 50 लाख रुपये लागत राशि का भुगतान कर दिया गया।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता पंकज गौड़ ने बताया कि गांव छतेहरा रोड पर सड़क किनारे रिटेनिंग वॉल का निर्माण करवा दिया गया था, लेकिन कुछ दिन पहले कैंटर के पलटने के कारण दीवार का कुछ हिस्सा टूट गया था। विभाग की ओर से ठेकेदार को रिटेनिंग वॉल की देखरेख व निर्माण की जिम्मेदारी वर्ष 2027 तक सौंपी गई है। ठेकेदार की ओर से रिटेनिंग वॉल के टूटे हुए हिस्से का निर्माण किया जा रहा है। इस बारे में उच्चाधिकारियों को दी सूचना दी गई है।