खरखौदा। गांव सिसाना-2 निवासी हिमांशू ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर रंजिशन हमला करने का आरोप लगाया। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि 12 अप्रैल को पहले उनके पिता सुनील के साथ खेत में मारपीट की गई थी जिसके बाद आरोपियों ने दोबारा देख लेने की धमकी दी थी।
इसी रंजिश के चलते करीब दोपहर एक बजे वेदव्रत, योगेश व सौरव सहित 20-25 युवक चार-पांच गाड़ियों में बैठकर उनके घर पहुंचे। सभी के हाथों में डंडे, सरिये, तलवार व अन्य हथियार थे। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर उन्हें व उनकी मां के साथ मारपीट की जिससे बचने के लिए उन्हें कमरे में बंद होना पड़ा।
घटना के समय उनके पिता दवाई लेने दिल्ली गए हुए थे। पीड़ित का कहना है कि अगर वह घर पर होते तो उनकी जान को खतरा हो सकता था। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।