सोनीपत। गांव तिहाड़ कलां के युवक ने नौकरी के नाम पर लिए गए दो लाख रुपये मांगने पर पिटाई करने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि फाइनेंस का काम करने वाले उसके परिचित ने अपने 40-50 साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव तिहाड़ कलां निवासी अनिल ने पुलिस बताया कि विक्रम फाइनेंस का काम करता है। उसने विक्रम के पास नौकरी की थी। इसी दौरान विक्रम ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर दो लाख रुपये लिए थे। बाद में जब नौकरी नहीं लगी तो उसने पैसे देने की मांग की। इस पर विक्रम ने गाली-गलौज कर उसे भगा दिया। उसके बाद विक्रम अपने साथी सचिन, विकास, मुकुल और 40-50 अन्य के साथ उनके गांव में आया। उन्होंने उस पर हमला कर उसे घायल कर दिया। बाद में आरोपी धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।