हिसार के बाडो पट्टी टोल पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के मामले में दो आरोपियों को सोनीपत एसटीएफ ने शनिवार देर रात दबोच लिया। एसटीएफ ने नेशनल हाईवे-44 स्थित भिगान फ्लाईओवर पर आरोपियों की गाड़ी को घेर लिया। टीम को देखते ही एक बदमाश ने बचने के लिए फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। पुल से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसके साथी को एसटीएफ ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ प्रभारी अजय धनखड़ ने बताया कि सूचना मिली थी कि हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड में पुलिस पकड़ से बाहर चल रहे आरोपी गाड़ी में सवार होकर सोनीपत की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने नेशनल हाईवे-44 स्थित भिगान फ्लाईओवर पर नाकाबंदी कर उनकी गाड़ी को घेर लिया। एसटीएफ को सामने देखते ही आरोपियों में अफरातफरी मच गई। इसी दौरान एक आरोपी ने गाड़ी से निकलकर फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी।
पुल से गिरकर घायल हुआ मनोज उर्फ फिल्मी
फ्लाईओवर से छलांग लगाने वाला आरोपी मनोज उर्फ फिल्मी हिसार के गांव बहबलपुर का रहने वाला है। पुल से नीचे गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। एसटीएफ ने उसे सोनीपत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया जा रहा है। मनोज का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी बताया जा रहा है।
साथी सचिन को मौके से दबोचा
एसटीएफ ने मनोज के साथी सचिन को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सचिन सोनीपत के गांव कबीरपुर का रहने वाला बताया गया है। एसटीएफ अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के हिसार टोल मैनेजर हत्याकांड से जुड़े होने की बात सामने आई है।
अवैध पिस्तौल और गाड़ी बरामद
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और एक गाड़ी बरामद की है। टीम बरामद हथियार और वाहन के संबंध में भी जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या की वारदात में इनका इस्तेमाल हुआ था या नहीं।
पूछताछ में सामने आ सकते हैं कई अहम राज
हिसार के बाडो पट्टी टोल पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के बाद से दोनों आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर चल रहे थे। एसटीएफ गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में हत्या की वजह, वारदात में शामिल अन्य लोगों और फरारी के दौरान आरोपियों को मिली मदद के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है।