राई (सोनीपत)। सीआरपीएफ में सिपाही की भर्ती के लिए लाखों रुपये देकर लिखित परीक्षा दूसरे से दिलवाने के मामले में एक अन्य आरोपी को काबू किया गया है। गिरफ्तार आरोपी गांव बिधलान का रहने वाला नितिन है। जांच में सामने आया है कि भर्ती परीक्षा पास कराने को आरोपी ने छह लाख में सौदा तय किया था और तीन लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले में सुमित के स्थान पर परीक्षा देने वाले आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
विदित रहे कि 27 अगस्त को भर्ती बोर्ड के चेयरमैन व सीआरपीएफ चंडीगढ़ के द्वितीय कमांडेंट संजय कुमार ने राई थाना में शिकयत दी थी कि ग्रुप केंद्र खेवड़ा में सीआरपीएफ सिपाही भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में कई अभ्यर्थियों ने दूसरे से परीक्षा दिलवाई थी। बाद में वह फिजिकल देने खुद आ गए थे। फिजिकल के अंतिम दिन डीआईजी (भर्ती), नई दिल्ली की तरफ से पत्र मिला था कि जिन अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी मिलान नहीं कर रही है उन्हें परीक्षा से हटा दिया जाए और उनके खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया जाए। जिस पर अंतिम दिन फिजिकल के लिए पहुंचे चार अभ्यर्थी ऐसे मिले थे जिनकी बायोमेट्रिक हाजिरी का मिलान नहीं हुआ था। उनके फोटो व बायोमेट्रिक मशीन में अंगूठे के निशान नहीं मिले थे। जिस पर राई पुलिस ने चरखी दादरी के गांव पंडवान के रहने वाले अनिल कुमार व गांव रानीला के रहने वाले योगेश कुमार, पानीपत के गांव जलमाना के रहने वाले सच्चेंद्र तथा भिवानी के गांव खरक खुर्द निवासी सुरेश पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस मामले में गांव गंगाना के प्रदीप, चिढ़ाना के सोनू, गांव भावड़ निवासी मोनू व आजाद सहित अन्य आरोपियों को काबू कर चुकी है।
अब एसआई रणबीर सिंह की की टीम ने कार्रवाई करते हुए गांव बिधलान के नितिन को काबू किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया।
छह लाख में किया था परीक्षा पास कराने को सौदा
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नितिन ने अपने मामा के गांव के रहने वाले युवक के साथ परीक्षा पास कराने को छह लाख रुपये में सौदा तय किया था। जिसमें उसने तीन लाख रुपये एडवांस भी दे रखे हैं। पुलिस अब उससे पैसे लेने के आरोपी का पता लगाकर उसे भी गिरफ्तार करेगी।
--
सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र में भर्ती परीक्षा पास कराने के लिए धोखाधड़ी करने के आरोपी को काबू किया गया है। उसने छह लाख रुपये में परीक्षा पास कराने का सौदा तय करने की बात कही है। उसने तीन लाख रुपये एडवांस भी दिए हैं।
रणबीर सिंह, एसआई, थाना राई।