सोनीपत। गाजियाबाद से कैब को बुकिंग में लेकर आने के बाद कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में गाड़ी, मोबाइल, नकदी, डेबिट कार्ड व कागजात लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर का निवासी वीरेंद्र है। पुलिस ने उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के युसुफपुर अहारन फिलहाल गाजियाबाद के खोडा स्थित संगम पार्क निवासी पंकज बघेल ने 7 नवंबर को कुंडली थाना पुलिस को बताया था कि वह अपनी कार को कैब में चलाते हैं। वह 5 नवंबर की देर शाम को गाजियाबाद स्थित शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के बाहर खड़े थे। इसी दौरान तीन युवक उनके पास आए थे। उन्होंने दिल्ली के बुराड़ी के लिए उनकी कार को बुक किया था। वह कैब को लेकर बुराड़ी के लिए चल पड़े थे। जब वह रास्ते में पहुंचे थे तो इसी दौरान एक युवक ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल अड़ा दी थी। वह उसे पीछे की सीट पर बैठा कर हरियाणा ले आए थे। कुंडली में उनका मोबाइल, डेबिट कार्ड, 15 सौ रुपये व कागजात छीन तथा गाड़ी लूट ले गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब एसआई रविंद्र कुमार की टीम ने आरोपी वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है।