संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। दिल्ली रोड पर गांव सुल्तानपुर के रकबे में स्थित 12 एकड़ जमीन को गलत तरीके से बेचने के मामले में राजेश जैन को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
यह जमीन पंजाब के अमृतसर के रहने वाले मदनमोहन की थी, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। इस जमीन को हड़पने व आगे बेचने के लिए 10 नकली मदनमोहन सामने आ चुके हैं। मदनमोहन की मृत्यु के बाद उनके बेटे नरेंद्र अग्रवाल को भी नहीं पता था उनकी जमीन सोनीपत मेंं है।
इसके चलते इस जमीन को हड़पने के लिए नकली मदनमोहन बनकर लोग सामने आने लगे और कइयों ने तो जमीन के मालिकाना हक के दस्तावेज भी पेश करते हुए इसे अन्य लोगों को बेच दिया।
एसीबी ने जनवरी 2021 में इस मामले में कई आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। तब से एसीबी मदनमोहन बने नौ फर्जी आरोपित को गिरफ्तार कर चुकी थी, ये सभी जेल में है। अब एसीबी ने दिल्ली के चांदनी चौक के राजेश जैन को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के डिमांड पर लिया गया है। एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि राजेश जैन ने मदनमोहन के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज फर्जी बनवा लिए और फर्जी तरीके से ही खुद को मदनमोहन दिखाया था।
उसने अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर यह जमीन अपने नाम करवा ली थी थी और इसे नकली मदन मोहन बनकर कई अन्य लोगों को बेच दिया था। मंगलवार को राजेश जैन को सोनीपत के कोर्ट परिसर रोड से गिरफ्तार किया गया।