गन्नौर। गांव खेड़ी तगा से थाना गन्नौर पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को अवैध पिस्तौल और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव खेड़ी तगा का रहने वाला सतबीर उर्फ सोनू गोस्वामी है। आरोपी फिलहाल पानीपत के न्यू रामपुरा की भारत नगर कालोनी में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग थानों में करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं।
थाना गन्नौर प्रभारी वजीर सिंह रेढू ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर सतबीर उर्फ सोनू गोस्वामी खेड़ी तगा गांव में आया है। वह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस पर थाना गन्नौर से एक टीम खेड़ी तगा गांव पहुंची और सतबीर उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्तौल व कारतूस बरामद किया। उसे बुधवार को अदालत में पेशकर रिमांड पर लिया जाएगा।
हत्या व बैंक डकैती जैसे संगीन मामलों में नामजद रहा है सतबीर
वजीर सिंह रेढू ने बताया कि आरोपी सतबीर उर्फ सोनू पर बैंक डकैती, दोहरा हत्या, हत्या का प्रयास, लड़ाई-झगड़े, चोरी व अवैध हथियार रखने की घटनाओं के अलग-अलग थानों में 18 मुकदमों में नामजद रहा है। इनमें से 11 मामले थाना गन्नौर के हैं। इसके अलावा थाना सिटी सोनीपत, सिविल लाइन सोनीपत, सदर थाना सोनीपत व थाना मधुबन करनाल में मुकदमा दर्ज हैं। इनमें से कई मामलों में सतबीर उर्फ सोनू बरी भी हो चुका है।
वर्ष 2019 से फरार चल रहा सोनू, यूपी में छिपकर बैठा था
सतबीर उर्फ सोनू गोस्वामी वर्ष 2019 से फरार चल रहा था। इसके बाद उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पूछताछ में सोनू ने बताया कि वह यूपी में छिपकर बैठा था। वह यूपी में किसी परचून की दुकान पर काम करने लगा था।