सोनीपत में राठधना रोड पर विवि के पास स्थित पुलिस चौकी में शिकायत देने पहुंचे एबीवीपी के सदस्य।
सोनीपत। राठधना रोड स्थित विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में आ गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने हिंदू विरोधी व देश विरोधी गतिविधियां चलाने का आरोप लगाते हुए विवि परिसर के बाहर धरना दिया और पुलिस को शिकायत दी है।
एबीवीपी का आरोप है कि विवि में कई दिन पहले विद्यार्थी समूह चर्चा आयोजित करवाई गई। इस समूह चर्चा में कहा गया कि अयोध्या में राममंदिर का निर्माण अवैध रूप से हुआ है। विद्यार्थी परिषद ने विवि के पास स्थित पुलिस चौकी में शिकायत देकर संबंधित विद्यार्थियों व संगठन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इसके साथ विवि परिसर के बाहर धरना देकर विवि प्रबंधन से संबंधित विद्यार्थियों को बाहर करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि विवि प्रशासन की तरफ से मांगे नहीं मानी गई तो वह लगातार धरना देंगे और प्रदर्शन करेंगे। वहीं दूसरी तरफ विवि प्रबंधन ने इस प्रकार की किसी भी गतिविधि से इंकार किया है।
यह है मामला
कई दिन पहले ट्विटर यानी एक्स पर एक पोस्ट डाली गई थी। जिसमें दर्शाया गया था कि विवि के कुछ विद्यार्थी एक समूह चर्चा कर रहे हैं। जिसका विषय राम मंदिर के विरोध से संबंधित था। इस चर्चा में यह कहा गया कि अयोध्या में राममंदिर बनाया जाना गलत है। मंदिर को तोड़कर फिर से मस्जिद बनाएंगे।