सोनीपत। शहर थाना क्षेत्र में दोस्त की शादी के उपलक्ष्य में रखी गई पार्टी में गए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
इंद्रा कॉलोनी कालूपुर निवासी राजू ने बताया कि वह मजदूरी करता है। उसका बेटा सावन (22) गीता भवन चौक पर स्थित जनरेटर की दुकान पर काम करता था। वह वीरवार को अपने दोस्त मंदीप की शादी के उपलक्ष्य में रखी पार्टी में उसके घर गया हुआ था।
जानकारी मिली कि युवक के मोबाइल फोन पर किसी की कॉल आ गई थी। वह बात करते हुए घर की बालकनी में चला गया। वहां से गुजर रहे तारों से करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घर में चल रही शादी की पार्टी में मातम छा गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। परिजनों का आरोप है कि बिजली की लाइन घरों के पास से गुजर रही है जिसके चलते करंट लगने का भय बना रहता है। जांच अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि देर शाम तक कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।