सोनीपत। रेलवे स्टेशन के समीप रविवार सुबह संपर्क क्रांति ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अमित यादव (18) निवासी गांव हत्तनपुर, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह राम नगर औद्योगिक क्षेत्र में नौकरी करते थे।
रविवार सुबह जब संपर्क क्रांति ट्रेन सोनीपत स्टेशन से गुजरी तो हिंदू कन्या महाविद्यालय के पास अमित ट्रेन की चपेट में आ गए। अमित की मौके पर ही मौत हो गई। लोको पायलट ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इस पर राजकीय रेलवे पुलिस को अवगत कराया गया।
जीआरपी ने मौके पहुंच कर जांच की तो युवक की जेब से आधार कार्ड और मोबाइल फोन मिला। आधार कार्ड के आधार पर युवक की पहचान अमित यादव (18) निवासी आजमगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।
पुलिस ने जांच की तो पता लगा कि अमित यादव गन्नौर के राम नगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में काम करते थे। उनके चचेरे भाई भी उनके साथ काम करते है। दोनों रामनगर में रहते थे।
जांच अधिकारी एएसआई अजय कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास हिंदू कन्या महाविद्यालय के पास युवक ट्रेन की चपेट में आ गया है। युवक के परिजनों के आने के बाद सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।