सोनीपत। सफीदों-गोहाना मार्ग पर गांव जागसी के पास रोडवेज बस की टक्कर ने गांव की महिला नरेश की मौत हो गई। वह पति के साथ बकरी चराने गई थीं। महिला के पति ने आरोप लगाया कि बस चालक ने शराब पी रखी। बरोदा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव जागसी निवासी कपूर सिंह ने बताया कि वह रविवार को पत्नी नरेश के साथ बकरी चराने के लिए गोहाना-सफीदों मार्ग स्थित बिचपड़ी गांव की तरफ गए हुए थे। पेट्रोल पंप के पास एक किसान गन्ने की छिलाई कर रहा था। वहां से नरेश पशुओं का चारा लेकर आई।
जब वह पेट्रोल पंप से निकट पहुंची तो गोहाना की तरफ से हरियाणा रोडवेज बस का चालक बस को तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाता हुआ आया और उनकी पत्नी को सीधी टक्कर मार दी। बस जींद डिपो की थी। चालक के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। सने अपना नाम मनोज बताया।
वह पत्नी को नागरिक अस्पताल गोहाना लेकर गए जहां पर चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद