सोनीपत। राजीव गांधी एजुकेशन सिटी, राई स्थित एसआरएम विश्वविद्यालय में दो दिवसीय वार्षिक टेक्नो-सांस्कृतिक महोत्सव प्रिज्मा-25 का शानदार आगाज किया गया। इसमें देश भर के 40 से अधिक विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभागिता कर रहे हैं। महोत्सव में पहले दिन कला, संगीत और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रतिभागियों ने भव्य उत्सव में अपनी प्रस्तुतियों से जमकर धमाल मचाया।
विश्वविद्यालय के उप निदेशक (प्रवेश) आशीष गोपाल वर्मा ने बताया कि महोत्सव का आगाज भव्य उद्घाटन के साथ किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, साहित्यिक कार्यक्रम और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं करवाई गई। जिसमें विद्यार्थियों को बौद्धिक व रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए एक मंच प्रदान किया गया। देर रात को डीजे नाइट में विद्यार्थियों ने रोमांचक संगीत का लुत्फ उठाया। हरियाणवी नाइट में हरियाणवी संगीत व संस्कृति का जश्न मनाया गया। इस दौरान खासा आला चाहर की धमाकेदार प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। बैटल ऑफ बैंड्स और एकल नृत्य की प्रस्तुतियों में 40 विश्वविद्यालयों के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। इस दौरान एसआरएम यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर वी. सैमूल राज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।