- हत्या कर शव को लगाया ठिकाने, एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
- बड़वासनी गांव में फ्लाईओवर के पास खेत में दोनों पैर और नाले में क्षत-विक्षत मिले दोनों हाथ
- नाले से जैकेट, टी-शर्ट और चुन्नी भी बरामद, कपड़ों से महिला का शव होने का अनुमान
-सदर थाना पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में दर्ज की एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव बड़वासनी में मुरथल की तरफ जाने वाले फ्लाईओवर के पास खेतों में मानव शरीर के दो पैर और पास ही नाले में क्षत-विक्षत कटे हुए दोनों हाथ मिले। दोनों हाथों में धातु के कड़े पहने हुए थे। नाले से जैकेट, टीशर्ट और चुन्नी भी बरामद हुई है। मानव शरीर का बाकी हिस्सा न मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मंगलवार शाम करीब 6:20 बजे बड़वासनी निवासी सुनील कुहाड़ के खेत में कुत्तों का झुंड देखा, पास पहुंचे तो मानव शरीर के दो क्षत-विक्षत पैर थे। दोनों पैरों पर जींस की पजामी थी, जिस पर एम आकार अंकित था। इसके बाद खेत के साथ सड़क किनारे नाले के पास देखा तो अंदर क्षत-विक्षत हालत में दो मानव हाथ पड़े हुए थे। दोनों हाथों में धातु के दो-दो कड़े थे। उन्होंने पुलिस को अवगत कराया।
डॉ. जगबीर सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। नाले में एक जिप वाली स्पोट्र्स जैकेट भी मिली, जिसके कॉलर पर मेंट लिखा है। पास ही एक मैरून रंग की टीशर्ट और कई रंगों वाली चुन्नी भी बरामद हुई। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराकर साक्ष्य सुरक्षित किए।
सुनील कुहाड़ की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या व शव को खुर्द-बुर्द करने की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने शव की पहचान को कोशिश शुरू कर दी है। शरीर के अन्य हिस्से बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतका की पहचान करने के साथ हत्या की गुत्थी सुलझाना है।
सेक्टर-23 में मिला था इस तरह शव का हिस्सा
सेक्टर-23 पार्क में 19 अक्तूबर 2020 को भी एक शव का पेट से नीचे का हिस्सा बंद बोरे में मिल चुका है। तब भी शव की पहचान नहीं हो सकी थी। शव की पहचान व आधे हिस्से की तलाश के लिए आसपास के छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की पुलिस से भी मदद मांगी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता लगा था कि युवक करीब 22-25 साल का होगा। उसकी मौत शव मिलने से दो से तीन दिन पहले होने का अंदेशा था। उसने नीले रंग की जींस पहन रखी थी। पुलिस ने मामले में क्लोजर रिपोर्ट पेश कर दी थी।
-
वर्जन
- गांव बड़वासनी के पास मानव शव के हाथ व पैर अलग-अलग मिले हैं। अन्य हिस्सा नहीं मिला है। मामले में जांच शुरू कर दी है। शव के हिस्सों का डीएनए सैंपल लिया जाएगा, ताकि पहचान में मदद मिल सके।
सुखबीर सिंह, इंस्पेक्टर थाना प्रभारी सदर सोनीपत।