संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। अटायल गांव में जमीन के विवाद में रिटायर्ड सीआरपीएफ जवान पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। हमले में सीआरपीएफ जवान बाल-बाल बच गए। गोली उनके घर के दरवाजे में लगी है।
गांव अटायल के मनोज कुमार ने बताया कि वह सीआरपीएफ से रिटायर्ड हैं। वर्तमान में बहादुरगढ़ की निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनका महाबीर और सुनील के साथ जमीन का विवाद चल रहा है। मामला गन्नौर कोर्ट में विचाराधीन है।
उन्होंने बताया कि होली के दिन रामसिंह की पत्नी निर्मला देवी और उनका बेटा गोपाल उनके घर आए और जमीन का केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया। मना करने पर गोपाल और उसकी माता ने उन्हें धमकी दी। गोपाल ने उसे व्हाट्सएप काॅल पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद रविवार देर रात गोपाल उनके घर आया और दरवाजा खटखटाने लगा। जब वह बाहर आया तो गोपाल ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इस पर उसने तुरंत गेट बंद कर लिया जिससे गोली गेट पर लगी।
आरोप है कि दो फायर किए करने के साथ आरोपी धमकी देते हुए अपने साथी के साथ भाग गया। पुलिस ने आरोपी गोपाल सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।