सोनीपत। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारी सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के कार्यालय पहुंचे और निजीकरण पर रोक लगाने की मांग को लेकर अपना 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रदेशाध्यक्ष ने कर्मचारियों की मांगों को सही बताते हुए पुरा करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने रोडवेज के बेड़े में सरकारी बसें शामिल करने और निजीकरण पर रोक लगाने का भी विश्वास दिलाया।
यूनियन के राज्य महासचिव सुमेर सिवाच, कोषाध्यक्ष सुशील इक्कस, सचिव सतबीर, सोनीपत डिपो के सचिव महेंद्र सैनी ने बताया कि उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को 15 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा हैं। जिसमें किलोमीटर योजना 2016 को रद्द करने, रोडवेज के बेड़े में 10 हजार नई बसें शामिल कर 60 हजार बेरोजगारों को रोजगार देने, चालक-परिचालक व लिपिक का वेतनमान बढाने, वर्ष 2016 में ठेके पर भर्ती सभी चालकों सहित सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, खाली पदों पर प्रमोशन करने सहित अन्य मांगे रखी। जिला कमेटी सोनीपत ने जिला प्रधान देशराज नैन की अध्यक्षता में विधानसभा प्रत्याशियों को भी अपना मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र सौंपने वालों में सुरेंद्र सरोहा, अनिल दहिया, संजय कुमार, राज्य कमेटी सदस्य, सर्व कर्मचारी संघ के सचिव सुनील दत्त और कोषाध्यक्ष राजीव खत्री व सोनीपत डिपो के अन्य कर्मचारियों पदाधिकारी व अन्य साथी शामिल रहे।