खरखौदा। वार्ड-2 में रहने वाली विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता के मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने पति व अन्य पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव टेहा निवासी विकास ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनकी बहन मंजू की शादी करीब दो वर्ष पहले खरखौदा के वार्ड-2 निवासी विकास के साथ हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार दान-दहेज दिया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था और मंजू को दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस को बताया कि मंजू अक्सर कॉल पर मायके वालों को ससुराल में हो रहे झगड़े और मानसिक प्रताड़ना की जानकारी देती थी। दो दिन पहले ही मंजू ने बताया था कि उसका पति उसे तलाक की धमकी दे रहा है। इस बारे में ससुराल पक्ष को भी अवगत कराया गया लेकिन कोई समाधान नहीं निकाला गया।
विकास ने आरोप लगाया कि रविवार शाम को मंजू के ससुर ने कॉल कर उसकी तबीयत खराब होने की बात कहते हुए तुरंत आने को कहा था। जब वह खरखौदा पहुंचे तो पता चला कि मंजू की मौत हो चुकी है और शव सरकारी अस्पताल में रखा गया है।
ससुराल पक्ष ने उन्हें कहा कि मंजू की मौत प्रथम तल पर नहाने के दौरान गीजर की गैस चढ़ने के कारण हुई। विकास का आरोप है कि मंजू ग्राउंड फ्लोर पर रहती थी और वहीं अटैच बाथरूम था, ऐसे में यह दावा संदेहास्पद है।
मायके पक्ष ने इसे दहेज के लिए की गई हत्या बताया है। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। शव का खानपुर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।