संवाद न्यूज एजेंसी
गन्नौर। गांव चिरस्मी में अब प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं को कोचिंग के लिए शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। गांव में आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण किया जाएगा। मंदिर के सामने बनने वाली इस लाइब्रेरी पर करीब 25.41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
रविवार को गन्नौर के विधायक देवेंद्र कादियान ने नारियल फोड़कर इस परियोजना की आधारशिला रखी। इस दौरान गांव में करीब 50 लाख के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। सरपंच जसबीर तूर और ग्रामीणों ने विधायक कादियान का स्वागत किया।
विधायक ने सुरेश से करनैल के खेत तक 14.84 लाख रुपये और अमरजीत से उमेद के खेत तक जाने वाले रास्ते को करीब 9.97 लाख रुपये की लागत से पक्का करने के कार्य का शिलान्यास किया। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है।
विधायक का कहना है कि उनका मकसद है कि गांव का युवा भी शहरों जैसी सुविधाओं के साथ आगे बढ़े। हाईटेक लाइब्रेरी बनने से खासकर लड़कियों को बेहतर माहौल मिलेगा। उनका समय और पैसा दोनों बचेगा। उन्होंने कहा कि खेतों के रास्ते पक्का होने से आवागमन में सुविधा होगी।
उन्होंने दावा किया कि सरकार के सहयोग से हर गांव तक विकास पहुंचाना लक्ष्य है। इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। इस अवसर पर पंचायतीराज एसडीओ सचिन कुमार, एबीपीओ राजेश कुमार, सरपंच जसबीर तूर, धर्मबीर नंबरदार, प्रवीन, मनोज, नवीन, महेंद्र छिक्कारा आदि मौजूद रहे।