संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (सोनीपत)। दिल्ली चौक स्थित हार्डवेयर की दुकान में रविवार की सुबह आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देखकर सड़क से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना दुकान मालिक को दी। जब तक दुकान मालिक पहुंचता और आग बुझाई गई तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी।
सूचना मिलने के बाद पांच दमकल गाड़ियों के साथ पहुंचे कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग बुझाई मगर तब तक दुकान की छत भी ढह चुकी थी।। आग के कारण दुकान मालिक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। आग लगने का कारण दुकान मालिक ने शॉर्ट-सर्किट बताया है।
वार्ड-11 के रहने वाले संजीव कुमार ने दिल्ली चौक सांपला मार्ग पर जवाहर हार्डवेयर के नाम से दुकान कर रखी है। संजीव शनिवार रात को करीब साढ़े आठ बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब छह बजे उन्हें सूचना मिली कि दुकान में आग लग गई है।
सूचना मिलते ही वे दुकान पर पहुंचे और आसपास के लोगों के साथ मिलकर आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग कम होने के बजाए और बढ़ती चली गई। पूरी दुकान को भी आग ने अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के अंदर रखा प्लास्टिक का सामान व थिनर आदि ज्वलनशील पदार्थ ने आग को और ज्यादा भड़काने का काम किया।
इस बीच सूचना पाकर दमकल केंद्र, खरखौदा से पहले एक और बाद में चारों दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग ज्यादा तेज होने के कारण एक दमकल गाड़ी को सोनीपत से भी बुलाया गया।
पांचों दमकल गाड़ियों की मदद से कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद दो से ढाई घंटे बाद आग बुझाई लेकिन तब तक दुकान में रखा ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया था। इस दौरान दुकान की छत भी भरभरा कर गिर गई। आगजनी की इस घटना से संजीव को भारी नुकसान हुआ है। संजीव ने शॉर्ट सर्किट के चलते दुकान में आग लगने का अंदेशा जताया है।
साथ वाले दुकानदारों ने बाहर निकाला सामान
हार्डवेयर की दुकान में लगी आग इतनी भयंकर थी कि उसका धुंआ काफी दूर से नजर आ रहा था। आग की तेज लपटों को देखकर साथ लगती दुकानों के मालिकों में भी हड़कंप मच गया। आसपास की दुकानों में भी आग फैलने के खतरे को देखते हुए साथ लगने वाली दुकानों के मालिकों ने भी दुकान से सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया था। हालांकि, जब तक दुकानदार सामान बाहर निकालते, दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया था।