गोहाना बस अड्डे पर खड़ी बसें। संवाद
गोहाना। हरियाणा सरकार की तरफ से शुरू की गई अंत्योदय परिवार परिवहन योजना (हैप्पी) कार्ड को लेकर गोहाना बस स्टैंड पर एक अलग से काउंटर बनवाया जाएगा। इसमें एक ऑपरेटर की ड्यूटी लगाई जाएगी। यह ऑपरेटर क्षेत्र और आसपास के एरिया से आने वाले आवेदकों के हैप्पी कार्ड से संबंधित दस्तावेजों की जांच करेंगे। इसके बाद हैप्पी कार्ड एक्टिवेट करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
हरियाणा सरकार ने एक लाख रुपये तक की आय वाले परिवारों के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा देने की योजना शुरू की है। इस योजना के तहत क्षेत्र के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। योजना का लाभ लेने वाला परिवार रोडवेज की सामान्य बसों में सालाना एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क सफर कर सकेंगे। योजना के लिए लाभार्थियों की पहचान परिवार पहचान पत्र के माध्यम से की जाएगी। हैप्पी कार्ड योजना के तहत लाभार्थी परिवार को स्मार्ट कार्ड खरीदने के लिए 50 रुपये की एकमुश्त लागत का भुगतान करना होगा। जबकि कार्ड के अन्य खर्चे सरकार उठाएगी। आवेदक सीएससी केंद्रों पर हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन करवा सकते हैं। इसके बाद आवेदक प्रिंट, मोबाइल, आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र लेकर बस स्टैंड देंगे। यहां पर ऑपरेटर आवेदक के दस्तावेज की जांच करने के बाद हैप्पी कार्ड को एक्टिवेट कर लाभार्थी को दे देंगे।
वर्जन
गोहाना बस अड्डे पर अलग से काउंटर बनाया जा रहा है। इस काउंटर में एक ऑपरेटर की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड एक्टिवेट करने से पहले उनकी औपचारिकताओं की जांच करेंगे। हैप्पी कार्ड बनने के बाद पात्र व्यक्ति रोडवेज बसों में एक साल में 1000 किलोमीटर तक सफर कर सकते हैं।
तेलूराम, डीआई, गोहाना बस अड्डा