जीवन विहार निवासी ट्रांसपोर्टर ने पुलिस एफआईआर में बताया है कि उनका 15 वर्षीय बेटा सेक्टर-15 के एक निजी स्कूल में पढ़ता है। बेटे के साथ पढ़ने वाले रामनगर निवासी एक छात्र की दोस्ती है। वह समय-समय पर घरेलू परेशानियां बताकर बेटे से मदद के नाम पर पैसे लिया करता था।
इस युवक ने उनके बेटे को अपने पड़ोसी युवक से मिलवाया। हमउम्र होने के नाते इनमें दोस्ती हो गई। आरोप है कि दोनों युवक उनके बेटे को चोरी के लिए उकसाने लगे। उस पर घर से सोना, चांदी व नकदी चोरी करने का दबाव बनाया। बेटे ने जब विरोध किया तो उसे पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। मानसिक प्रताड़ना और धमकी के डर से बेटे ने करीब एक माह पहले घर की अलमारी से सोना चुराकर युवकों को दे दिया।
आरोपी बोले-चांदी की बिस्किट पर सोने का घोल चढ़वा देना
पीड़ित छात्र ने पुलिस को बताया है कि चोरी के बाद उसे काफी डर लग रहा था। उसने जब अपने दोस्तों से कहा कि घरवालों को पता चल जाएगा तब क्या होगा? इस पर दोस्तों ने सलाह दी कि चांदी का बिस्किट बनवाकर उस पर सोने का घोल चढ़ावा देना। हालांकि, ऐसा करने से पहले ही 15 नवंबर को ट्रांसपोर्टर ने अलमारी चेक कर ली और मामला खुल गया।
छात्रों से बातचीत की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी
ट्रांसपोर्टर ने पुलिस को बताया कि बेटे से बातचीत के बाद उसने लड़कों को फोन करवाया। बेटे ने कहा कि पुलिस को मामले की सूचना दे रहे हैं। इस पर आरोपियों ने डर के मारे रुपये वापस लौटाने की बात कही है। मोबाइल पर आरोपियों से बातचीत की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी गई है।
घर से सोने की ईंट चोरी करवाने का मामला संज्ञान में आया है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच जारी है। -सवित कुमार, थाना प्रभारी, सेक्टर-27 सोनीपत