खरखौदा। क्षेत्र से होकर गुजरने वाली पश्चिमी यमुना लिंक नहर के समानांतर कैरियर लाइन चैनल (सीएलसी) नहर में रविवार को एक बच्चा डूब गया। उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन सोमवार देर शाम तक भी आशीष का पता नहीं चल सका था।
बिहार के सिवान जिले के गांव गोर निवासी द्वारका फिलहाल गांव हलालपुर में किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने कि उनके सात वर्षीय बेटे आशीष रविवार दोपहर अपने साथियों के साथ सीएलसी नहर के पास घूमने गए थे। देर शाम उनके साथ गए बच्चों ने आकर घर पर बताया कि वह दोपहर पेड़ से बेर तोड़कर खा रहे थे, इसी दौरान आशीष को नहर में नारियल आता हुआ दिखाई दे गया। जिसे नहर से निकालने के लिए आशीष नहर में उतर गया और नहर के तेज बहाव में डूब गया। बच्चों ने तुरंत आशीष के डूबने की सूचना नहीं दी। शाम काे सूचना मिलने पर उन्होंने नहर पर जाकर आशीष की तलाश की। वहीं सैदपुर चौकी पुलिस को भी सोमवार को घटना से अवगत करवाया। देर शाम तक आशीष का पता नहीं लग सका था। सैदपुर चौकी प्रभारी दलजीत का कहना है कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए थे, लेकिन रोहिणी, दिल्ली तक बच्चे की तलाश की जा चुकी है, अभी बच्चा नहीं मिल पाया है। संबंधित थानों में भी घटना की सूचना दी गई है।