खरखौदा। राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी पर ड्रेन नंबर आठ के पुल के पास तेज रफ्तार कार ने पीछे से ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा में बैठी सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उनके भाई घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सोनीपत के रामनगर निवासी संभव जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह किरयाने की दुकान चलाने के साथ ई-रिक्शा भी चलाते हैं। 8 नवंबर को वह अपने बेटे नमन और बेटी नव्या के साथ अपने दोस्त नरेंद्र से मिलने खरखौदा आए थे। दोस्त के नहीं मिलने पर वह दोनों बच्चों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर वापस सोनीपत जा रहे थे।
जब वे एनएच 334बी पर ड्रेन नंबर आठ के पुल के पास पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने उनके ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा सहित तीनों सड़क पर गिर गए। संभव जैन के अनुसार कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भाग गया। उन्होंने पीछे से कार का नंबर देख लिया।
हादसे के बाद संभव जैन ने निजी वाहन का इंतजाम कर दोनों बच्चों को खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर गंभीर हालत के चलते नव्या को प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआइ, रोहतक रेफर कर दिया गया। पिता ने उन्हें पीजीआई, रोहतक में भर्ती करवाया, लेकिन उपचार के दौरान चिकित्सक ने उन्हं मृत घोषित कर दिया। वहीं, बेटे नमन को भी हादसे में चोटें आई हैं। खरखौदा थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत पर पुलिस ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है।