फोटो : चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजा शेखर वुंडरू और निदेशक वीरेंद्र
सोनीपत। शहर को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया बस स्टैंड मिलने जा रहा है। परिवहन विभाग ने राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर जाट जोशी गांव में नया बस अड्डा बनाने का फैसला किया है। इसके लिए दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी मॉडल ट्रांजिट सिस्टम (डीआईएमटीएस) को डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। नए बस स्टैंड का निर्माण परिवहन विभाग की 6.33 एकड़ जमीन पर किया जाएगा।
विधायक निखिल मदान ने बुधवार को चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. राजा शेखर वुंडरू और निदेशक वीरेंद्र दहिया से मुलाकात कर बस स्टैंड निर्माण को लेकर चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि पहले केएमपी के पास बस स्टैंड बनाने का सुझाव दिया गया था लेकिन वहां विभाग के पास जमीन उपलब्ध नहीं थी और प्रस्तावित स्थान निर्धारित मापदंडों पर भी खरा नहीं उतर रहा था। इसके बाद जाट जोशी में बस स्टैंड बनाने का निर्णय लिया गया।
डीआईएमटीएस की ओर से बस स्टैंड की डिजाइन और निर्माण योजना तैयार की जाएगी। इसके बाद पीपीपी मॉडल पर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण एजेंसी को काम सौंपा जाएगा। विभाग की ओर से जल्द ही डिजाइन साझा किए जाने की संभावना है।
कुल 9.33 एकड़ क्षेत्र का होगा उपयोग
नए बस अड्डे के लिए कुल 9.33 एकड़ क्षेत्र का उपयोग किया जाएगा। इसमें 6.33 एकड़ में बस स्टैंड और तीन एकड़ में इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन व अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां 200 से 250 बसों के संचालन की व्यवस्था होगी।
वर्जन
नया बस स्टैंड सार्वजनिक निजी साझेदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इसमें यात्रियों के लिए विश्राम कक्ष, दोपहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग, इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन और व्यावसायिक गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।
निखिल मदान, विधायक