हरियाणा बोर्ड परीक्षा में 22 नकलची पकड़े
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में प्रशासन व शिक्षा विभाग नकल रोकने में लगातार नाकाम हो रहा है। बुधवार को जिले में स्थापित परीक्षा केंद्रों पर 12वीं कक्षा का केमिस्ट्री, अकाउंटेंसी व पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन का पेपर हुआ। जिसमें भी परीक्षार्थियों को नकल करने से नहीं रोका जा सका। नकल रोकने के लिए गठित उड़नदस्तों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए 22 परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा है। सभी परीक्षार्थियों के यूएमसी बनाए गए।
शिक्षा अधिकारियों ने माना कि नकल रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहरी क्षेत्र में बाहरी हस्तक्षेप पर अंकुश लगा है, वहीं ग्रामीण क्षेत्र में स्थिति कंट्रोल में की जा रही है। कुछ स्थानों पर अभी भी बाहरी हस्तक्षेप देखने को मिल रहा है। हालांकि परीक्षा केंद्र के अंदर पूरी सख्ती बरती जा रही है। परीक्षा कराने के लिए जिले में 103 केंद्र बनाए गए हैं और उनपर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद नकल नहीं रुक रही है और अपनों को नकल कराने के लिए पेपर शुरू होते ही युवक स्कूलों की दीवारों व खिड़कियों पर चढ़ जाते हैं। जहां से नकल की पर्ची अंदर पहुंचाई जाती है। जिले के अधिकतर स्कूलों में पेपर शुरू होते ही यह हालात हो जाते है।
---
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान नकल रोकने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। जिसमें काफी हद तक सफलता भी मिली है। बुधवार को 12वीं कक्षा के पेपर के दौरान 22 नकलची पकड़े गए। सभी के यूएमसी बनाए गए हैं। नकल रोकने के लिए गठित टीमें लगातार सख्ती से काम कर रही हैं। जिसके चलते ही नकल करने वालों पर नकेल कसी जा रही है।
जिले सिंह शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत