सेक्टरों में काम कराने के नाम पर हुडा कंगाल, अपने कार्यालय में खर्च करेगा 25 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। हुडा जहां एक ओर नए सेक्टर नहीं कटने के कारण कंगाली झेल रहा है तो वहीं एन्हांसमेंट को लेकर हुडा के अधिकारी कटघरे में खड़े हुए है। उसके बावजूद हुडा अपने कार्यालय के नवीनीकरण पर 25 लाख रुपये खर्च करने वाला है। यह 25 लाख रुपये केवल कार्यालय पर उस हालात में खर्च किए जाएंगे, जब सेक्टरों में कोई भी काम होने पर अफसर रुपये नहीं होने की बात कहते हुए पल्ला झाड़ लेते है। हुडा के अधिकारियों ने कार्यालय को चमकदार बनाने के लिए यह 25 लाख रुपये का बजट भी पास करा लिया है और इस पर जल्द ही काम भी शुरू करा दिया जाएगा।
सेक्टर 15 में स्थित हुडा के कार्यालय में लकड़ी के पार्टीशियन बने हुए है, जिनमें कई जगह दीमक लगी हुई है। उन पार्टीशियन को बदलने की योजना पिछले साल से हुडा में चल रही थी, लेकिन अब हुडा के अधिकारी केवल पार्टीशियन नहीं बदलेंगे बल्कि वह पूरे कार्यालय को चमकदार बनवाएंगे और उसके लिए पूरी तैयारी हो चुकी है। जहां केवल लकड़ी के पार्टीशियन बदलवाने पर लगभग पांच लाख रुपये तक का खर्च आता, वहीं अब पूरे कार्यालय का नवीनीकरण कराने पर 25 लाख रुपये का एस्टीमेट पास कराया गया है। इसका पूरा बजट भी मुख्यालय से मंजूर करा लिया गया है। यह बजट उस हालत में मंजूर हो गया है, जबकि सेक्टरों में होने वाले काफी विकास कार्यों की फाइल कई सालों से अटकी हुई है। जिनपर अब अधिकारी ध्यान भी नहीं दे रहे है, क्योंकि उन विकास कार्यों से अधिकारियों की जगह आम लोगों को फायदा होना है।
पानीपत के कार्यालय की तरह बनाया जाएगा
सोनीपत के हुडा कार्यालय का नवीनीकरण कराने के साथ ही डिजाइन भी बदला जाएगा जो पानीपत के कार्यालय की तरह होगा। इस बार लकड़ी से पार्टीशियन व केबिन नहीं बनाए जाएंगे, बल्कि इस बार स्टील व प्लास्टिक से काम कराया जाएगा। इसके अलावा सेंट्रालाइज्ड एसी की व्यवस्था की जाएगी और अभी तक की तरह से अलग-अलग एसी नहीं लगाए जाएंगे। इनके अलावा भी काफी काम कराया जाएगा, जिसपर 25 लाख रुपया खर्च होना है।
हुडा कार्यालय के केबिन व पार्टीशियन में दीमक लग चुकी है, जिससे उनको बदला जाना है। इसलिए कार्यालय का नवीनीकरण कराया जाएगा और इस पर 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पहले ऊपरी मंजिल पर काम होगा और उसके बाद नीचे काम शुरू कराया जाएगा। -राजकुमार, एक्सईएन हुडा।