खरखौदा। नागरिक अस्पताल में रविवार को क्षेत्र के दिव्यांगजनों के लिए दो शिविर की शुरुआत की गई। जिसमें ऑनलाइन दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाए गए, ताकि भविष्य में दिव्यांगजन उनका फायदा उठा सके। स्वास्थ्य विभाग की योजना के तहत उपमंडल स्तर पर दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने का कार्य जारी है। सोमवार को भी चिकित्सकों की टीम प्रमाणपत्र बनाने के लिए जांच करेगी। सिविल सर्जन डॉ. जयकिशोर ने शिविर का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से दिव्यांगों के यूनिक आइडी कार्ड बनाए जा रहे हैं। जिसके माध्यम से केंद्र सरकार डेटाबेस तैयार कर यह जानना चाहती है कि देश में कितने दिव्यांग हैं। जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं में शामिल कर मदद मुहैया करवाई जा सके। पहले दिव्यांगों को ऑफलाइन प्रमाणपत्र जारी किया जाता था, लेकिन अब योजना के तहत सिर्फ ऑनलाइन प्रमाणपत्र बनेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अनुसूची जारी कर शिविर लगाए जा रहे हैं, जिससे दिव्यांग लोगों को सोनीपत के चक्कर नहीं लगाने पड़े। स्थानीय स्तर पर जांच के बाद उनके प्रमाणपत्र व आईकार्ड बनाए जाएंगे।
आधार कार्ड नंबर से डाउनलोड हो सकेंगे प्रमाणपत्र
रविवार को खरखौदा में शिविर लगाकर दिव्यांगों के ऑनलाइन प्रमाणपत्र बनाने के लिए आवेदन स्वीकार करने के साथ ही चिकित्सकों ने शारीरिक व स्वास्थ्य परीक्षण किया। जिसके बाद इस रिकॉर्ड को ऑनलाइन दर्ज करते हुए जल्द ही प्रमाणपत्र ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर दिए जाएंगे। जिन्हें दिव्यांग अपने आधार कार्ड नंबर के माध्यम से डाउनलोड कर सकेंगे।
पहले दिन सत्यापन के लिए 86 ने करवाया पंजीकरण
शिविर के पहले दिन 86 दिव्यांगजनों ने सत्यापन के लिए पंजीकरण करवाया। जिसमें से 56 का परीक्षण कर उनका रिकॉर्ड दर्ज कर लिया गया, जबकि पांच को हाई अथॉरिटी के पास जांच के लिए रेफर किया गया है। इस मौके पर उप सिविल सर्जन डॉ. योगेश गोयल, एसएमओ डॉ. सत्यपाल, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. गौरव, भूपेंद्र नैन, नाक-कान रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप लाकड़ा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन दलाल, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास चहल, दवा विशेषज्ञ डॉ. शैलेंद्र, डॉ. नितिन व सुनील खोखर मौजूद रहे।