देश की उन्नति के लिए गांवों का समृद्ध बनाना होगा : मित्तल
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। चौ. बंसीलाल विवि भिवानी के वीसी प्रो. आरके मित्तल ने कहा कि वर्तमान समय में भी देश की आधे से ज्यादा जनसंख्या गांव में निवास करती है। देश को समृद्ध बनाने के लिए हमें अपने गांवों को समृद्ध बनाना होगा। जब देश के गांव समृद्ध होंगे तभी देश समृद्ध होगा। प्रो. आरके मित्तल मुरथल यूनिवर्सिटी में प्रबंधन विभाग द्वारा ट्रांस्फोरमिंग इंडियन सोसायटी : रोल ऑफ टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, एंत्रप्रन्योरशिप एंड पब्लिक पॉलिसी विषय पर आयोजित नेशनल सेमिनार में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे।
वीसी प्रो. आरके मित्तल ने कहा कि समय की मांग है कि स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट गांव भी बनने चाहिए। लेकिन गांव को स्मार्ट बनाने के लिए हमें गांव में रोजगार के अवसर पैदा करने होंगे। इसमें प्रबंधन के विद्यार्थी अहम रोल अदा कर सकते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वीसी प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने कहा कि सृष्टि में एकमात्र ज्ञान ही है जो बांटने पर बढ़ता है, जबकि अन्य सब बांटने पर कम ही होता है। ज्ञान ही व्यक्ति को दूसरों से अलग बनाता है। उन्होंने कहा कि तकनीक में निरंतर बदलाव आ रहा है। वर्तमान समय में वैश्विक प्रतिस्पर्धा में वे ही सफल हैं जो समय के साथ निरंतर तकनीक में बदलाव कर रहे हैं। 1990 के बाद तकनीक में काफी बदलाव हुआ है। गत दस वर्षों से टेक्नोलॉजी में काफी बदलाव आया है।
वीसी प्रो. राजेंद्र कुमार अनायत ने युवाओं से आह्वान किया कि बदलाव के साथ सफलतापूर्वक चुनौतियों का सामना करना चाहिए। सेमिनार के कंवीनर व विभागाध्यक्ष प्रो. राजबीर सिंह ने सेमिनार के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान परीक्षा नियंत्रक रजिस्ट्रार प्रो. अनिल खुराना, परीक्षा नियंत्रक डॉ. एमएस धनखड़, प्रो. रेखा, प्रो. एसएन महापात्रा, डॉ. अंजू, डॉ. आरती, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. रूपा राठी, डॉ. मयूर छिक्कारा, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. मनीषा, डॉ. सतपाल, डॉ. आनंद चौहान, डॉ. प्रवीण कुमार, वंदना शर्मा आदि उपस्थित रहे।