सोनीपत। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाओं को 2100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रतिमाह देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस योजना के तहत जिले में पहले चरण में 7986 महिलाओं को लाभ मिल रहा है जबकि करीब 15 हजार आवेदन अभी लंबित हैं। योजना हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए शुरू की गई है।
इस योजना के तहत, पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, योजना के लाभ के लिए महिला की आयु 23 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। महिला हरियाणा राज्य की स्थायी निवासी होनी चाहिए। परिवार की वार्षिक आय एक लाख से कम होनी चाहिए।
परिवार में कोई भी आयकरदाता नहीं होना चाहिए। आवेदन की प्रक्रिया आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एफ के माध्यम से ऑनलाइन हुई है। जिले में पहले चरण में पात्र श्रेणी में 7986 महिलाओं के नाम सूची में आए हैं।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन हुआ है। आठ लाभार्थी ऐसी हैं जिनके फार्म में फोटो पुरुष की है। इस वजह से उनकी किश्त लंबित रहेगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी कमल ने बताया कि पात्रों की सूची ऑनलाइन आवेदन से तैयार की गई है। बाद में उनका सत्यापन किया गया है। करीब 15 हजार आवेदन अभी लंबित की श्रेणी में हैं।