सोनीपत। गांव नाथूपुर स्थित बेयरिंग कंपनी के कर्मचारी का मोबाइल फोन हैक कर साइबर अपराधियों ने 7.39 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित को जब ठगी का का पता चला तो उसने साइबर थाना सोनीपत में मुकदमा दर्ज कराया।
दिल्ली के नरेला के गांव बांकनेर निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को बताया कि वे नाथूपुर स्थित बेयरिंग कंपनी में काम करते हैं। साइबर ठगों ने 23 अक्तूबर को उनका मोबाइल फोन हैक कर लिया।
कुछ ही मिनटों में उनके बैंक खाते से पांच लाख रुपये निकलने के मैसेज आए। थोड़ी देर बाद 65 हजार और 40 हजार रुपए क्रेडिट होने का संदेश मिला जो किसी फर्जी लोन ट्रांजेक्शन से जुड़े थे। इसके बाद उनके खाते से 1.77 लाख और 62 हजार रुपये निकालने के मैसेज आए।
इस तरह उनके खाते से 7.39 लाख रुपये की ठगी हो गई। प्रवीण ने बताया कि जब उन्हें ठगी का शक हुआ तो उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। संवाद