संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिला रोजगार कार्यालय की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने साक्षात्कार के माध्यम से 72 युवाओं को नौकरी के लिए चयनित किया है।
जिला रोजगार अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मेले में एलआईसी, एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, पुखराज हेल्थकेयर और रामाया हेल्थकेयर सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया।
मेले का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अधिकतम अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। इसी कड़ी में जिला रोजगार कार्यालय समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं को उद्योगों में व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने युवाओं से इस योजना में अधिक से अधिक पंजीकरण कर इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।
मनोज कुमार ने बताया कि 16 जून को जिला रोजगार कार्यालय और आईटीआई सोनीपत के संयुक्त तत्वावधान में आईटीआई के सेमिनार हॉल में रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने योग्य युवाओं से इसमें भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर सहायक रोजगार अधिकारी कण्व विनायक ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना सहित विभिन्न रोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं की जानकारी भी युवाओं को दी।